| |
|
नई दिल्ली,6 अप्रैल, सोमवार । भारतीय जनता पार्टी ने अपने स्थापना दिवस पर आज पार्टी मुख्यालय में चुनाव अभियान को और अधिक प्रभावी एवं धारदार बनाते हुए "फौलादी बाजू, अटल इरादे.... " शीर्षक सी.डी. जारी की। टीम आडवाणी द्वारा प्रस्तुत इस सी.डी. का प्रारम्भ पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के इस वक्तव्य से प्रारम्भ होता है- “अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा” जो उन्होंने पार्टी की स्थापना के समय दिया था। वाजपेयी के बाद सी.डी. में श्री लाल कृष्ण आडवाणी पर केन्द्रित प्रचार गीत में समूचे भारत की आकर्षक झांकी के साथ नरेन्द्र मोदी, अरुण जेटली, अनन्त कुमार, जसवंत सिंह, सुषमा स्वराज, वैंकैया नायडू व डा. मुरलीमनोहर जोशी सहित हिमाचल, उत्तराखण्ड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ व कर्नाटक इत्यादि राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी दिखाया गया है। देश के प्रत्येक क्षेत्र एवं हर समुदाय के व्यक्ति के साथ देश के विकास का संकल्प आडवाणी जी के नेतृत्व में बनने वाली सरकार द्वारा पूर्ण होना बताया गया है।
संवाददाताऒँ को संबोधित करते हुए भाजपा महासचिव श्री अरुण जेटली ने कहा कि चुनाव प्रचार गीत के रूप में पार्टी नेतृत्व द्वारा यह सी.डी. जारी की गयी है। असम में गुवाहाटी में आज फिर एक बम धमाके में जान-माल की क्षति की हम निन्दा करते हैं। उम्मीद है कि दोषी शीघ्र ही पकड़े जाएंगे और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। ऐतिहासिक दृष्टि से असम की समस्या में कांग्रेस की भूल का प्रत्यक्ष सम्बन्ध है। हमारा आग्रह है कि केन्द्र सरकार और कांग्रेस का नेतृत्व विदेशी घुसपैठियों की नीति पर एक बार फिर विचार करे।
विदेशमंत्री प्रणव मुखर्जी द्वारा यूपीए की ताकत के विषय में दिया गया बयान खोखला आत्मविश्वास दर्शाता है। वास्तव में यूपीए अब इतिहास का एक अध्याय मात्र रह जायेगा। यह गठबंधन दिन प्रतिदिन टूटता जा रहा है। न तो इसका नेतृत्व करने वाला कोई है और न ही कांग्रेस में इतनी शक्ति है। उन्होंने कहा कि जहां एनडीए का प्रश्न है, उड़ीसा में हमारा मात्र एक सहयोगी दल अलग हुआ है, जबकि साथ ही उ.प्र., हरियाणा व असम में हमें तीन नए मित्र दल भी मिले हैं। मीडिया की भूमिका पर टिप्पणी करते हुए श्री जेटली नें कहा कि वरिष्ठ नेताऒं के भाषणों एवं साक्षात्कारों को किसी आग्रह से तोड़मरोड़कर प्रस्तुत नही किया जाना चाहिए, समाचार देने की प्रक्रिया और उसकी विश्वसनीयता पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा। |
|