सभी प्रत्याशीयों के प्रति समान मानदंड निर्धारित हो- भाजपा
मंगलवार, ७ अप्रैल २००९
नई दिल्ली। भाजपा ने मंगलवार को राजद प्रमुख श्री लालू प्रसाद यादव द्वारा वरुण गाँधी पर की गयी टिप्पणी को अनैतिक करार देते हुए इसकी कड़ी भर्त्सना की। गौरतलब है कि रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने किशनगंज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सोमवार को कहा था कि “यदि वह गृह मंत्री होते तो अल्पसंख्यकों के खिलाफ आग उगलने वाले वरुण गांधी पर रोलर चलाकर उन्हें नेस्तनाबूद कर देते, इसका अंजाम जो भी होता उसकी वह तनिक भी परवाह नहीं करते।“ भाजपा प्रवक्ता श्री बलबीर पुंज ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रजातंत्र में ऐसी बातें स्वीकार नहीं की जाएँगी. उन्होंने आन्ध्र प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष डी. श्रीनिवास के उस वक्तव्य की भी कड़ी निंदा की जिसमें उन्होंने कहा था कि अल्पसंख्यक समुदाय पर जो हाथ उठायेगा उसकी अंगुलियाँ काट दी जाएँगी. श्री पुंज ने चुनाव आयोग व केंद्र सरकार से लालू प्रसाद यादव और डी. श्रीनिवास पर वही व्यवहार करने की मांग की जैसा उसने वरुण गांधी के विरुद्ध किया था.
भाजपा प्रवक्ता ने मंगलवार को एक सिख पत्रकार द्वारा गृहमंत्री पी चिदंबरम पर जूता फेंकने की घटना की आलोचना करते हुए कहा, 'हम इस घटना की कड़ी निंदा करते हैं।' गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद 1984 में हुए सिख विरोधी दंगों के संदर्भ में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगदीश टाइटलर को सीबीआई द्वारा क्लीन चिट दिए जाने के विरोध में आज एक पत्रकार ने कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में श्री चिदंबरम पर जूता फेंका। श्री चिदंबरम के चौकन्ने रहने के कारण जूता उन्हें लगा नहीं।
|